
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से H-1B वीजा कार्यक्रम का खुलकर बचाव करने के एक दिन बाद अब उनके वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी इसका समर्थन किया है. उन्होंने साफ कहा कि इस कार्यक्रम का मकसद विदेशी कुशल कामगारों को अमेरिका लाकर यहां के नागरिकों को प्रशिक्षित करना और फिर उन्हें वापस भेजना है. उनके अनुसार यह अमेरिका के उद्योगों को फिर से खड़ा करने की लंबी योजना का हिस्सा है. फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में बेसेंट ने कहा कि राष्ट्रपति का मकसद हमेशा रहा है कि जहां कुशलता की कमी है, वहां फिलहाल विदेशी विशेषज्ञ काम करें और साथ ही अमेरिकी कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें. बेसेंट ने कहा, ‘अमेरिकी कामगारों को प्रशिक्षित होने में तीन, पांच, सात साल लगेंगे. उसके बाद ये विदेशी विशेषज्ञ अपने देशों को लौट जाएंगे और अमेरिकी कामगार पूरी तरह जिम्मेदारी संभाल लेंगे.’
वित्त मंत्री से एच-1बी वीजा कार्यक्रम पर ट्रंप की नवीनतम टिप्पणी के बारे में पूछा गया था, जिसमें राष्ट्रपति ने कहा था कि अमेरिका को प्रतिभाओं को लाना होगा क्योंकि उसके पास ‘कुछ खास प्रतिभाएं’ नहीं हैं. फॉक्स न्यूज पर पत्रकार लॉरा इंग्राहम ने पूछा कि क्या H-1B वीजा उनके प्रशासन की प्राथमिकता नहीं होगी, तो ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी उद्योगों को फिर खड़ा करने के लिए यह जरूरी है. जब इंग्राहम ने कहा कि ‘हमारे पास बहुत प्रतिभा है’, तो ट्रंप ने तुरंत जवाब दिया, ‘नहीं, आपके पास नहीं है. आपके पास कोई खास प्रतिभा नहीं है.’ उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को सीधे मिसाइल या एडवांस्ड मशीनें बनाने वाली फैक्ट्रियों में नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि ऐसी प्रतिभा सिखाई जाती है, पैदा नहीं होती.
