
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद प्रदेश के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर भी विपक्ष की राजनीति नई अंगराई लेने लगी है. ममता बनर्जी की टीएमसी और कांग्रेस के बीच राज्य से लेकर देश स्तर तक नए गठबंधन की उम्मीदें प्रबल हो चली हैं. इंडिया गठबंधन की 8 जून 2026 को नई दिल्ली में हुई बैठक में इसकी झलक दिखी थी. ममता बनर्जी को सोनिया गांधी के बगल वाली सीट दी गई थी. बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भी देखी गई. सोनिया और ममता के बीच इस निकटता का असर अब दिखने लगा है. सूत्रों की मानें तो ममता और अभिषेक बनर्जी की सोनिया गांधी एवं राहुल के साथ मुलाकातों के बाद टीएमसी और कांग्रेस के बीच गठजोड़ की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं. सूत्र बताते हैं कि ममता बनर्जी ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का नेतृत्व स्वीकार किया है.
